logo

चूल्हे से निकली चिंगारी ने तीन मकानों को लिया चपेट में, दो मवेशी और लाखों की संपत्ति खाक

sahibganj3.jpg

साहिबगंज 

झारखंड के सहिबगंज में एक चूल्हे से निकली चिंगारी ने तीन मकानों को चपेट में ले लिया। आग में तीनों मकानों की लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गयी है। वहीं, दो मवेशियों के भी आग में जलने की खबर मिली है। आग लगने की ये घटना बरहड़वा इलाके के भावनंदपुर में घटी है। मिली खबरों में बताया गया है कि भावनंदपुर में रहने वाले मोतीबुर रहमान के घर में पहले आग लगी। फिर इसने पड़ोस के तीन घरों को चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रहमान की पत्नी घर की छत पर खाना बना रही थी। उसके पास ही भारी मात्रा में सनकाठी रखा हुआ था। चूल्हे से निकली चिंगारी सनगाठी पर गिरी औऱ इसने देखते ही देखते भयंकर रूप धारण कर लिया। इससे तीन घर बुरी तरह जल गये। 

इस तरह आग पर पाया गया काबू 

आग से रहमान के पड़ोसी कलाम शेख, सलाम शेख और इनु शेख के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। रहमान के घर के साथ लगे कलाम शेख और सलाम शेख के घर को अधिक नुकसान पहुंचा है। आग लगने के बाद लोगों ने पंप सेट और दूसरे साधनों से इसे बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद घरों में लगी आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक लाखों की संपत्ति, जिसमें घर में रखे अनाज और दूसरी चीजें शामिल हैं, जल कर खाक हो चुकी थी। इस दौरान आग में दो बकरियों के जल कर मर जाने की सूचना है। खबर लिखे जाने तक घटना स्थल पर पुलिस नहीं पहुंची थी।